हरिद्वार। केंद्र सरकार की ओर से सराफा कारोबार पर लगाए गए कर के विरोध में सोमवार को शहर के सराफा व्यापारियों ने रानीपुर मोड़ पर पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। इसके बाद पंचपुरी में बाइक रैली भी निकाली। प्रदर्शन के चलते सराफा बाजार सोमवार को भी दिनभर बंद रहा। अब व्यापारियों ने परिवार सहित जेल भरो आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
आम बजट में केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए एक प्रतिशत कर और दो लाख रुपये तक खरीददारी पर पैन कार्ड की बाध्यता व अन्य कर लगाए जाने के विरोध स्वरूप सराफा 28 दिनों से आंदोलनरत है। सोमवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव कुुमार सराफ व पंचपुरी अध्यक्ष नीरज गुप्ता के नेतृत्व में सराफा कारोबारी जटवाड़ापुल पर एकत्रित होकर बाइक और स्कूटरों पर सवार होकर कनखल, हरिद्वार होते हुए रैली निकाली। इस दौरान रानीपुर मोड़ पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। रैली को संबोधित करते हुए नीरज गुप्ता ने कहा कि लगाए गए कर काले कानून है। इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री गौरव मेसोन ने कहा कि 28 दिनों से कारोबार बंद होने से सराफा व्यापारी भूखमरी की कगार पर आ गए है। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सरकार ने उनकी मांगों नहीं मानी तो भूखहड़ताल शुरू कर दी जाएगी। महिलाओं और बच्चें के साथ जेल भरो आंदोलन भी शुरू कर दिया जाएगा। शिव कुमार सर्राफ ने सरकार पर तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया है। विरोध प्रदर्शन में अब्दुल रब, राकेश मित्तल, अश्वनी गोयल, लालटु, जहांगीर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।