- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में युवक को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर देने के मामले में पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। युवक का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है, जहां उसके तीन ऑपरेशन हो चुके हैं। गंभीर चोट के कारण उसके पैर की एक उंगली भी काटनी पड़ी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जमालपुर कलां निवासी पुष्पा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा सौरभ कुमार 20 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे किसी काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान हरिलोक तिराहे के पास सर्विस रोड पर देवपुरा हाईवे की ओर से तेज रफ्तार में आ रही काले रंग की बाइक ने सौरभ की बाइक में सामने से टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से सौरभ के सीधे पैर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया।
आरोप है कि हादसे के बाद बाइक सवार अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से सौरभ को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। एम्स में सौरभ के अब तक तीन ऑपरेशन हो चुके हैं और गंभीर चोट के चलते उसके पैर की एक उंगली काटनी पड़ी है। फिलहाल उसका उपचार एम्स में चल रहा है। सीओ संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।