हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेले की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर कई राज्य के पुलिस अफसर शनिवार को मंथन करेंगे। बैठक में आतंकवाद भी मुख्य मुद्दा रहेगा। इंटरस्टेट बैठक का एक बड़ा मकसद एक दूसरे को सहयोग करना भी है।
मेला नियंत्रण भवन के सभागार में शनिवार को होने वाली बैठक में प्रदेश के डीजीपी बीएस सिद्धू खुद मौजूद रहेंगे। उत्तराखंड पुलिस के दो एडीजी भी बैठक में पहुंचेंगे। उत्तराखंड के अलावा यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली के आला अफसर और दिल्ली से आईबी के एक वरिष्ठ अफसर की अगुवाई में टीम भी बैठक में शिरकत करेगी। बैठक में बड़ा मुद्दा मौजूदा समय में सर उठा रहे आतंकवाद का होगा इस पर गहनता से विचार विमर्श होगा। फोकस इस बात पर रहेगा कि कोई भी सूचना यदि किसी राज्य के पास हो तो वह एक दूसरे से सांझा करें। सुरक्षा के अलावा यातायात व्यवस्था को लेकर भी अफसर के बीच चर्चा होगी। अर्द्धकुुंभ मेला के आईजी जीएस मर्तोलिया ने बताया कि बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।