हरिद्वार/बहादराबाद। शिवालिक नगर निवासी राजन का अपहरण कर कार में डालकर ले जाने के पीछे युवकों का मकसद पुराने झगड़े का बदला लेना था। राजन और पकड़े युवकों के गुटों में पहले विवाद हुआ था। तब से रंजिश चल रही थी। इसीलिए उन्होंने राजन की फिल्डिंग
लगाई हुई थी।
रविवार की शाम उसकी लोकेशन पता चलते ही उन्होंने पहले उसे पीटा और फिर गाड़ी में डाल लिया था लेकिन मंगलौर हाईवे पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार राजन और चारों युवकों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों गुटों के बीच पिछले कुछ समय पहले विवाद हुआ था जिसमें उनकी पिटाई कर दी गई थी। बस तभी से वह बदला लेने की फिराक में थे। रविवार की शाम राजन अपने दोस्त के साथ क्रिस्टल वर्ल्ड के पास कैफे में गया था। इसकी भनक लगते ही छह युवकों का समूह वहां पहुंच गया और राजन के बाहर निकलते ही उसे पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसे और सबक सिखाने के लिए कार में डाल लिया और कार लेकर हाईवे पर फरार हो गए।
यूपीआई से खाते में डलवाए दो हजार रुपये
कार के अंदर भी राजन को धमकाते हुए उसे पीटा। अपने खर्च के लिए उसके यूपीआई से अपने खाते में दो हजार रुपये डलवाए। सामने आया कि हाईवे किनारे उनकी गाड़ी मिली। दो युवक मौके से भाग निकले थे जबकि चारों कार में ही थे।