हरिद्वार। हरिद्वार का रोड़ीबेलवाला घाट अब किसान नेता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत घाट के नाम से जाना जाएगा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गुट की लंबे अरसे से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। जिलाधिकारी हरबंश सिंह चुघ ने घाट का नाम बदलने की आदेश जारी कर दिए। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत जल्द ही घाट का अनावरण करने हरिद्वार पहुंचेंगे।
भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक महेंद्र सिंह टिकैत के जमाने से हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला मैदान में हर साल गर्मियों के दिनों में किसान महाकुंभ का आयोजन होता रहा है। यहां होने वाले आंदोलनों में देशभर के किसानों की समस्याओं पर मंथन के साथ साथ कई आंदोलनों की रणनीति भी बनी है। भाकियू लंबे समय से रोड़ीबेलवाला घाट का नाम चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत घाट करने की मांग करती आ रही थी। आखिरकार प्रशासन ने भाकियू की मांग मान ली। जिलाधिकारी हरबंश सिंह चुघ ने घाट का नाम बदलने के आदेश जारी कर दिए। भाकियू ने मुख्यमंत्री हरीश रावत व हरिद्वार प्रशासन का आभार जताया है। भाकियू के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने हर्ष जताते हुए बताया कि घाट का नाम बाबा टिकैत के नाम पर करने की घोषणा दो साल पहले यूनियन की मांग पर कर दी गई थी, मगर अधिकारिक रूप से नाम अब बदला गया है। बताया कि यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत जल्द ही हरिद्वार पहुंचकर घाट का अनावरण करेंगे।