मुजफ्फरनगर के ध्यानार्थ...
- बारिश के दौरान अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर, बस से टकराने के बाद कार भी भिड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
सप्तऋषि। हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे स्थित मोतीचूर फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात बारिश के दौरान ट्रैक्टर, निजी बस और कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। गनीमत रही कि बस में सवार पांच यात्रियों समेत अन्य लोग सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर निवासी अफसान अपने तीन साथियों चांद, साहिल और एक अन्य के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से भूसा खाली कर लौट रहे थे। बारिश के दौरान मोतीचूर फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पीछे से आ रही पाराशर ट्रैवल्स की निजी बस से टकरा गया।
टक्कर के बाद ट्रैक्टर सड़क पर घूम गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच सड़क पर आ जाने से यातायात बाधित हो गया। बस में सवार पांच यात्री वृंदावन जा रहे थे। हादसे के बाद उन्हें दूसरी बस से सुरक्षित रवाना किया गया। इसी दौरान अचानक रुकी बस के पीछे आ रही फोर्ड कार भी बस से जा टकराई।
हादसे में ट्रैक्टर चालक अफसान के सीने और पैर में चोट आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निजी एंबुलेंस की मदद से घायल को एम्स ऋषिकेश भेजा। पुलिस ने कुछ ही मिनटों में सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। बताया गया कि बस चालक ने कार चालक को हर्जाना देकर रवाना कर दिया। वहीं, ट्रैक्टर चालक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर और बस को कब्जे में लेकर रायवाला थाने में खड़ा करा दिया है। रायवाला थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।