हरिद्वार। मात-पिता के डांटने से नाराज मुजफ्फरनगर के तीन किशोर शनिवार को हरिद्वार पहुंच गए। तीनों रेलवे स्टेशन पर भटकते हुए जीआरपी को मिले, जिन्हें जीआरपी टीम ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया।
जीआरपी के अनुसार, एसपी रेलवे तृप्ति भट्ट के निर्देश पर चल रही नियमित चेकिंग के दौरान जीआरपी टीम को शनिवार शाम स्टेशन परिसर में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान तीन किशोर संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए दिखाई दिए। हेड कांस्टेबल मोहित, कांस्टेबल मुकेश कुमार, अंकुर चौधरी बच्चों को शिशु पटल कक्ष लेकर पहुंचे। जहां पूछताछ में पता चला कि तीनों किशोर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर जिले के हैं।
पारिवारिक नाराजगी और डांट से आहत होकर वे बिना किसी को बताए हरिद्वार आ पहुंचे थे। थानाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि तुरंत बच्चों के परिजनों से संपर्क कर सूचना दी गई और तीनों नाबालिगों को विधिवत प्रक्रिया के तहत चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया। बच्चों को परिजनों के पहुंचने पर उनके सुपुर्द किया जाएगा।