हरिद्वार। शादियों के सीजन में ट्रेन में जेवरात लेकर आने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
जीआरपी थानाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से सूचना मिली रही थी कि शादियों के सीजन में यात्रियों के आभूषण और नकदी चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। इसको लेकर एसपी जीआरपी सरिता डोबाल के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की गई।
एएसआई अतुल चौहान ने आरक्षी प्रदीप कुमार, विनोद कुमार, जोगिंदर कुमार ने बृहस्पतिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसओ ने बताया कि आरोपी कर्मवीर निवासी कांडाखेड़ी थाना हंसी जिला हिसार हरियाणा, राकेश निवासी भिवानी रोड निकट रेलवे लाइन के पास विकासनगर जिला जिंद हरियाणा, सूरज निवासी राम सिंह कॉलोनी हंसी जिला हिसार हरियाणा ने पूछताछ में कबूला कि वह टोली बनाकर शादियों के सीजन में रेल यात्रियों के आभूषण चोरी करते हैं। आरोपी कर्मवीर के खिलाफ सहारनपुर जीआरपी में चोरी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। अन्य की जानकारी जुटा रहे हैं।