शांतिकुंज में आयोजित वसंतोत्सव कार्यक्रम में छात्रा को प्रमाण पत्र देते शांतिकुंज के वरिष्ठ का?
- फोटो : HARIDWAR
शांतिकुंज में तीन दिवसीय वसंतोत्सव के पहले दिन ध्यान, साधना, हवन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।
मुख्य सत्संग हॉल में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए शांतिकुंज के वरिष्ठ कार्यकर्त्ता केसरी कपिल वर्मा ने जाग्रत आत्माओं को युगधर्म के परिपालन के लिए आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में अपने समय और प्रतिभा का सही आकलन कर उसका सदुपयोग करना ही युगधर्म है। अंतरमहाविद्यालीय भाषण प्रतियोगिता में देवसंस्कृति विवि के आशुतोष कुमार ने प्रथम, उत्तराखंड संस्कृत विवि की कुमारी दीपिका ने द्वितीय और विवेकानंद डिग्री कॉलेज के अभिषेक सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने नवयुग के आगमन में युवाशक्ति नाटक के माध्यम से युवाओं को संकीर्णता से ऊपर उठने के लिए प्रेरित किया। गायत्री विद्यापीठ के बच्चों ने समूह नृत्य से अनेकता में एकता का संदेश दिया। दहेज प्रथा विषय पर प्रस्तुत कार्यक्रम के माध्यम से नारी जागरण और कन्या भ्रूण हत्या से होने वाली समस्याओं को लघुनाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया। महिला मंडल की सदस्यों ने गीत संगीत की प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन मंगल सिंह गढ़वाल ने किया।