हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने संरक्षित पशु कटान करने वाले तीन आरोपियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की है। गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी की ओर से संरक्षित पशु कटान के मामलों में लिप्त चार आरोपियों के खिलाफ गैंगचार्ट तैयार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई। गैंग लीडर आरोपी अनीश और सदस्य मो. उमेर, मुसर्रत निवासी सलेमपुर सहित चार लोगों को नामजद करते हुए धरपकड़ शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम बनाते हुए सोमवार को दबिश देते हुए गिरोह के मुखिया अनीश और उसके दो साथी मो. उमेर व मुसर्रत को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरोह का एक अन्य सदस्य साहिल अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में पहले भी संरक्षित पशु कटान और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।