- कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने गांजे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 32 किलो 990 ग्राम गांजा बरामद हुआ। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। अदालत में पेश कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि मंगलवार की देर रात पुलिस टीम गश्त कर रही थी। तभी श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप की ओर जाते समय वन विभाग की चौकी के पास तीन युवक पैदल जाते दिखाई दिए। दो युवकों के हाथ में ट्रॉली बैग और तीसरे के कंधे पर सफेद रंग का कट्टा था।
शक होने पर पुलिस ने तीनों को रोककर तलाशी ली। बैग और कट्टे के अंदर से गांजा बरामद हुआ। बताया कि आरोपियों की पहचान दिपेश निवासी बैरागी कैंप, ट्रांसफर वाली गली कनखल, रणजीत लाकड़ा निवासी ठोकर नंबर 10, झुग्गी, कनखल, आदित्य राय निवासी मीना बाजार थाना लोहाघाट चंपावत के रूप में हुई।
तौल करने पर दिपेश के पास से 11.35 किलो, रणजीत लाकड़ा के पास से 14.32 किलो और आदित्य राय के पास से 7.32 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा बैरागी कैंप में सोनू पाल को देने के लिए लाए थे। बुधवार को तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।