पथरी। इब्राहिमपुर में खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने पांच-पांच हजार के तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अमजद, तजमुल व तनवीर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, खान मोहम्मद निवासी इब्राहिमपुर की तहरीर पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोप था कि सात अप्रैल की शाम समधी के घर पहुंचे खान मोहम्मद और उनके परिजनों पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। हमले में कई लोग घायल हुए थे जबकि एक व्यक्ति को कमरे में बंद कर आग लगाने का भी प्रयास किया गया था। पुलिस तब से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
लगातार फरार चलने के कारण तीन आरोपियों पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की ओर से पांच-पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि एसएसआई उपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी अमजद, तजमुल व तनवीर निवासीगण इब्राहिमपुर को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।