हरिद्वार। थाना क्षेत्र में जमीन के मामले में लेनदेन के लिए झूठे मुकदमे में फंसाने के बाद जहरीला पदार्थ खाने के बाद हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पत्नी ने पति को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रीति चौहान निवासी ग्राम बौंगला थाना बहादराबाद ने तहरीर में बताया कि उसके पति बृजमोहन चौहान पुत्र मलखान सिंह ने उसके नाम की संपत्ति पतंजलि के पास सतपाल सैनी निवासी ग्राम शांतरशाह को बेची थी। आरोप लगाया कि सतपाल सैनी ने धोखा देकर बैनामा सर्किल रेट पर कराया था, जिसमें 23 लाख रुपये बकाया था। धोखे से उसके पति से एक ब्लैंक चेक बैंक से ऋण लेने की बात कहकर लिया था। इसके पैसे भी बृजमोहन के खाते में ही आने की बात कही थी। कम पढ़े लिखे होने के कारण सतपाल के झांसे में आकर चेक दे दिया था। आरोप है कि सतपाल ने चेक में पांच लाख भरकर बैंक में दाखिल किया और नोटिस बृजमोहन को दिया।
आरोप है कि बात करने पर सतपाल ने बकाया पैसे व चेक देने से मना कर दिया। बृजमोहन को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। जिसके बाद से वह कई दिन से परेशान व गुमशुम था। आरोप है कि सतपाल सैनी के पैसे न देने और चेक का झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने की वजह से बृजमोहन ने डरकर 24 अप्रैल को जहरीला पदार्थ खा लिया। हिमालयन इंस्टीट्यूट जौलीग्रांट में अस्पताल में उनकी मौत हो गई। आरोप है कि बृजमोहन ने सतपाल सैनी के उत्पीड़न की वजह से आत्महत्या की है। सुसाइड नोट में भी बृजमोहन चौहान ने परेशान होकर आत्महत्या करने और अपनी मौत का जिम्मेदार सतपाल सिंह सैनी को बताया है। थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।