हरकी पैड़ी घाटों पर शराब पीने वालों का जमावड़ा लग रहा है। शिकायत मिलने पर नगर आयुक्त से सफाई निरीक्षक को तलब किया है। साथ ही गंगा घाटों पर नशा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
धर्मनगरी में मद्यनिषेध कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। मंगलवार की रात शराब की बोतलों का ढे़र सुभाषघाट पर लगा था। किसी ने नगर आयुक्त उदय सिंह राणा को फोटो भेज दिया है। इस पर उन्होंने सफाई निरीक्षक विकास छाछर को तलब कर पुलिस का सहयोग लेकर गंगाघाटों पर शराब पीने सहित किसी प्रकार की नशाखोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है। गंगाघाट पर शराब की बोतलों का ढे़र मिलने से नमामि गंगे योजना के तहत गंगाघाटों की सफाई का 15.90 लाख का ठेका लेने वाली संस्था की पोल भी खुल गई है। बताया जा रहा है कि घाटों पर मादक पदार्थ बेचा भी जा रहा है। आरोप है कि जब से क्षेत्र के होटलों के दरवाजे गंगाघाट की ओर खोले गए हैं, तभी से होटलों मेें ठहरने वाले यात्री घाटों पर ही बैठकर शराब पीते हैं। कई बार लोगों की शिकायत पर पुलिस ने शराब पीने वालों को पकड़ा। लेकिन, कार्रवाई किए बिना ही छोड़ दिया गया। तत्कालीन जिलाधिकारी दीपक रावत ने स्वयं कांगड़ा घाट पर शराब पकड़ी थी। इसके बाद भी पुलिस सक्रिय नहीं हुई।