हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में देसी शराब के ठेके के पीछे बने स्टोर में आग लगने से जिंदा जलकर हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई है। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं, अभी तक की विवेचना में रात में अलाव जलाने के दौरान ही गत्तों के आग पकड़ने की बात निकलकर सामने आई है।
बुधवार की तड़के रोशनाबाद में देसी शराब के ठेके के पीछे बने एक टीनशेड के स्टोर में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। दो व्यक्तियों ने भागकर अपनी जान बचाई थी। आग पर काबू पाने के बाद जब पुलिस-अग्निशनम की टीम ने अंदर चेक किया था तो अंदर से एक झुलसा हुआ शव बरामद हुआ था। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो पाई है। सभी जगहों पर उसकी तस्वीरें आसपास के थानों में भेजी गई है। युवक घुमंतू प्रवृत्ति का था। सीसीटीवी कैमरें भी चेक किए गए हैं। अभी तक की जांच में अलाव से ही आग लगने की बात सामने आई है।