हरिद्वार। नगर कोतवाली से सटी बंगाली बस्ती (ब्रह्मपुरी ) में एक युवती से मिलने आए मोबाइल फोन व्यवसायी को लोगों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। मोबाइन व्यवसायी के घर आने पर काफी हंगामा हुआ। पुलिस व्यवसायी के साथ ही युवती को भी जैसे-तैसे घर से निकालकर कोतवाली ले आई। पीछे- पीछे पहुंची भीड़ ने कोतवाली कैंपस में भी हंगामा खड़ा किया। इधर, मोबाइल फोन व्यवसायी के पक्ष में दुकानदार भी पहुंच गए। माहौल गर्माने पर पुलिस ने युवती एवं व्यवसायी का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया।
शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली कि बंगाली बस्ती में लोग हंगामा कर रहे हैं। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बस्ती की एक युवती के घर एक मोबाइल फोन व्यवसायी के आने से क्षेत्रवासियों की नाराजगी थी। वे उसकी वहां मौजूदगी को लेकर तरह -तरह की चर्चा कर रहे थे जबकि लड़की ने कोई भी आपत्ति नहीं जताई। पुलिस ने घर का घेराव कर रहे लोगों को समझा- बुझाकर तितर बितर करने के बाद युगल को सुरक्षा के बीच कोतवाली ले गए। इधर, भीड़ भी पीछे- पीछे कोतवाली पहुंच गई। गुस्साए लोगों ने मोबाइल फोन व्यवसायी पर गंभीर आरोप लगाए। इधर, युवती ने खुद को मोबाइल फोन व्यवसायी के शोरूम पर कार्यरत होना बताया।
उग्र होती भीड़ को देखकर पुलिस ने युगल के खिलाफ शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मोबाइल फोन व्यवसायी विकास कालोनी में रहता है और उसकी वहां दुकान है। युवती खुद को मोबाइल फोन की दुकान पर कर्मचारी होना बता रही है।