पेटीएम केवाईसी लिंक शेयर करने पर कनखल के एक व्यक्ति के दो बैंक खाते से ठगों ने करीब 1.41 लाख रुपये की रकम उड़ा ली। पीड़ित ने इस संबंध में कनखल थाने में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र की शुभम विहार कालोनी में अनिल गुप्ता पुत्र वाईपी गुप्ता रहते है। बीस फरवरी को उनके मोबाइल फोन पर कॉल आई। कॉल कर रहे शख्स ने बताया कि उनके पेटीएम के लिए केवाईसी होनी है, जिसके लिए उनके मोबाइल फोन पर लिंक भेजा गया है। इस लिंक को उनके बताए एक मोबाइल फोन नंबर पर भेजना है। आरोप है कि कॉल कर रहे शख्स के अनुसार उसने लिंक को बताए गए मोबाइल फोन नंबर पर भेज दिया। जिसके बाद उसके देना बैंक एवं पीएनबी खाते से करीब 1.41 लाख की रकम निकाल ली। पीड़ित ने कनखल थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। एसओ विकास भारद्वाज ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।