रोडवेज बस स्टैंड के पास एक खोखा स्वामी से उलझ रही नशेड़ी युवती को टोकना चेतक सवार पुलिस कर्मियों को महंगा पड़ा। युवती खोखा स्वामी को छोड़कर उल्टा सिपाही से उलझ गई और कॉलर पकड़ते हुए हाथापाई कर दी। यही नहीं गाली गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। देर रात मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने युवती को परिजन को सौंप दिया।
बृहस्पतिवार देर रात मायापुर चौकी पुलिस के चेतक सवार कर्मी अनूप नेगी अपने साथी के साथ रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे। तब निकासी द्वार पर एक खोखा स्वामी से स्कूटी सवार युवती उलझ रही थी। शराब के नशे में धुत युवती को जब पुलिसकर्मियों ने समझाना चाहा तो वह उल्टा सिपाही आलोक नेगी से ही उलझ गई। सिपाही का कॉलर पकड़कर गाली गालौज करते हुए मारपीट कर दी। चेतक कर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस युवती को अपने साथ कोतवाली ले आई। मेडिकल परीक्षण में युवती के शराब के नशे में धुत होने की बात सामने आई। देर रात ही युवती के परिजन भी थाने पहुंच गए। युवती को उनके सुपुर्द कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी अनिल जोशी ने बताया कि युवती के खिलाफ सिपाही की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती क्षेत्र की रहने वाली है।