हरिद्वार। मध्यप्रदेश से लापता चल रहे एक किसान की हड्डियां, बैग, कपड़े व आईडी चीला के जंगल से बरामद हुए। किसान के मोबाइल फोन का इस्तेमाल एक चाय बेचने वाला कर रहा था। पूछताछ करने पर पूरा मामला खुला। पूछताछ के बाद पुलिस ने चाय बेचने वाले को छोड़ दिया।
मध्यप्रदेश की नेताजी कालोनी, कानड जिला तागर आगर मालवा से पहुंचे अर्जुन सिंह आर्या ने एसपी सिटी नवनीत सिंह से सोमवार को मुलाकात कर रिश्तेदार शिव सिंह (55) के लापता होने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिव सिंह 29 नवंबर से लापता है और आखिरी बार हरिद्वार से अपने मोबाइल से फोन किया था। तब से उनका फोन स्विच ऑफ था। कुछ दिन पहले उनके मोबाइल फोन में एक दूसरा सिम कार्ड इस्तेमाल हो रहा है। यह जानकारी मध्यप्रदेश पुलिस ने उन्हें दी है। एसपी सिटी के निर्देश पर नगर कोतवाली के एसएसआई विद्याभूषण सिंह नेगी ने पड़ताल शुरू की। मंगलवार को पुलिस ने चाय की ठेली लगाने वाले शिशुपाल पुत्र शिवदास निवासी गांव सिडानी थाना दादो जिला अलीगढ़ यूपी हाल निवासी लालजीवाला क्षेत्र को हिरासत में ले लिया। उसने कबूला कि यह मोबाइल फोन उसे चीला रेंज की चंडीदेवी मार्ग के जंगल में लकड़ी चुगान के दौरान मिला था और मौके से भयंकर बदबू उठ रही थी। लेकिन उसका साथी फूलसिंह और वह मोबाइल फोन लेकर चले आए थे। डर के मारे किसी को कुछ नहीं बताया। एसएसआई की अगुवाई में पुलिस टीम शिशुपाल को लेकर जंगल में पहुंची। जंगल से हड्डियां, कपड़े, बैग, आईडी प्रफु एवं किताबें बरामद हुई। एसएसआई ने बताया कि डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल ले लिए गए हैं। पूछताछ के बाद शिशुपाल को छोड़ दिया गया है। मृतक शिवसिंह बीमार चल रहे थे और किसान थे।