परिवहन सेवाओं को अधिक सुचारू और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सहायक महाप्रबंधक (कार्मिक) केपी सिंह ने डिपो का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कायाकल्प कार्यों की प्रगति, हाजिरी रजिस्टर, चालक-परिचालकों की उपस्थिति, बसों की उपलब्ध संख्या और नियमित बस संचालन व्यवस्था को चेक किया। उन्होंने साफ-सफाई, यात्री प्रतीक्षालय और बसों की पार्किंग व्यवस्था पर संतोष जताया।
मंडलीय कार्यालय देहरादून के सहायक महाप्रबंधक (कार्मिक) केपी सिंह ने कहा कि सभी निर्धारित मार्गों पर बसें नियमित रूप से संचालित हों और किसी भी रूट पर अनावश्यक कटौती न की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और समय सेवा सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान केपी सिंह ने बताया कि हाजिरी रजिस्टर और बस संचालन की नियमित मॉनिटरिंग से व्यवस्था में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि चालक और परिचालकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए। साथ ही उन्होंने डिपो प्रबंधन को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न की जाए।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने अधिकारियों से प्रतिदिन की संचालन रिपोर्ट तैयार करने और समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित करने के लिए कहा। उन्होंने पर्व पर चालकों को छुट्टी न दिए जाने की बात कहकर बेहतर बस संचालन बनाए रखने की बात डिपो अधिकारी व कर्मचारियों को कही है।