हरिद्वार। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की 25 जून को होने वाली रैली में अब तीन दिन बाकी रह गए हैं। भाजपा ने तैयारियों में पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश की देखरेख में शंकर आश्रम के पास स्थित होटल में 21 विधानसभा क्षेत्रों में सभी विधायकों और प्रदेश के प्रमुख नेताओं की बैठक में रैली की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में सभी को अधिक से अधिक भीड़ लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए शिवप्रकाश ने कहा कि रैली उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव का शंखनाद है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से रैली सफल बनाने के लिए पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। आने वाले विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत से ज्यादा समर्थन के साथ भाजपा की सरकार बननी तय है। पूर्व मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की ये रैली परिवर्तन का संदेश लेकर आ रही है, इससे उत्तराखंड में एक सकारात्मक संदेश जाएगा। रैली भीड़ और संदेश दोनों के लिहाज से ऐतिहासिक होगी। प्रांतीय महामंत्री संगठन संजय कुमार व रैली के मुख्य संयोजक ज्योति प्रसाद गैरोला के संचालन में हुई बैठक में प्रदेश महामंत्री खजानदास, नरेश बंसल, प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान, वीरेंद्र बिष्ट, नरेश बंसल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंश कपूर, विधायक पुष्कर सिंह धामी, स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता, आदेश चौहान, चंद्रशेखर भट्टेवाले, प्रेमचंद्र अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, सहसंयोजक मयंक गुप्ता, मेयर मनोज गर्ग, सुबोध उनियाल, उमेश अग्रवाल, हरिद्वार जिलाध्यक्ष सुरेश राठौर, रुड़की जिलाध्यक्ष कल्पना सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राजपूत, ओमप्रकाश जमदग्नि, प्रांतीय सदस्य राजीव शर्मा, कुलदीप गुप्ता, नरेश शर्मा, विकास तिवारी, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अंजना चड्ढा आदि ने विचार रखे।
--------
और जब भिड़ गए दो विधायक
रैली की व्यवस्थाओं को लेकर बुलाई गई बैठक में उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई जब अधिक से अधिक भीड़ लाने की जिम्मेदारी देने के दौरान जिले के दो विधायक भिड़ गए। ये स्थिति तब बनी जब एक विधायक ने कहा कि निकटवर्ती क्षेत्र के दूसरे विधायक उनके क्षेत्र में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे हैं, इस बात पर पास में ही बैठे दूसरे विधायक की भृकुटी तन गई और दोनों एक दूसरे पर भौंहें तानते दिखे। अन्य पदाधिकारियों ने बीच बचाव कर उन्हें शांत कराया।
----------
जब चैंपियन को पढ़ाया अनुशासन का पाठ
खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने बैठक में कहा कि जिले के सारे विधायक मिलकर जितनी भीड़ लाएंगे, मैं उससे दोगुनी भीड़ लाऊंगा। हालांकि उन्होंने कहा कि रैली के दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय लंढौरा में शांति मार्च के नाम पर अशांति मार्च करने की तैयारी में है। उनकी आधी भीड़ लंढौरा में रुक जाएगी। उन्होंने बढ़ चढ़कर जब बसों की संख्या का दावा करना शुरू किया तो एक पदाधिकारी ने उन्हें शांत करते हुए भाजपा की नीतियां बताई।
------
तेज हुआ रैली का प्रचार
रैली का समय जैसे जैसे नजदीक आ रहा है, भाजपा नेता प्रचार प्रसार में उतनी ही ताकत झोंक रहे हैं। मंगलवार को लोडर वाहनों पर पार्टी के बैनर पोस्टर और झंडे लगाकर लाउडस्पीकर से प्रचार किया गया। ऐसे आधा दर्जन वाहन ज्वालापुर व आस पास के क्षेत्र में प्रचार करते नजर आए। इसके अलावा देहात में भी वाहनों पर लाउडस्पीकर लगाकर लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचने की अपील की गई।