हरिद्वार। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की दो दिवसीय राष्ट्रीय साधारण सभा का समापन हो गया। इसमें देशभर से आए प्रतिनिधियों ने उपभोक्ता अधिकारों, संगठन की भूमिका और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर शांतिकुंज के व्यवस्थापक योगेंद्र गिरि ने कहा कि राष्ट्र के समग्र विकास के लिए सकारात्मक सोच रखने वाले जागरूक नागरिकों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि अखिल विश्व गायत्री परिवार समाज में नैतिक मूल्यों, सद्विचार और संस्कारों के प्रसार के लिए निरंतर सक्रिय है। उन्होंने पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके सिद्धांत परिवार, समाज और राष्ट्र के संतुलित विकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण भाई शाह, उपाध्यक्ष आशा सिंह, नितिन चौहान, अशोक पांडे, अरुणराव देशपांडे, अशोक त्रिवेदी, संदीप पांडे, सबनीश आदि मौजूद रहे।