डीएम के निर्देश पर नगर निगम ने हटवाया ट्रांसपोर्ट नगर का कूड़ा
फोटो
- अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद डीएम के निर्देश पर चला अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ट्रांसपोर्ट नगर में खाली पड़ी जमीन को डंपिंग जोन बनाते हुए डाले जा रहे कूड़े को आखिरकार नगर निगम में हटवा दिया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संज्ञान लिया और नगर निगम को सख्त हिदायत दी। इसके बाद सफाई कर दी गई। हालांकि अभी भी मौके पर कुछ कूड़ा पड़ा हुआ है। व्यापारियों ने यहां पूरी तरह कूड़ा डालने पर रोक लगाने की मांग उठाई है।
30 सितंबर को अमर उजाला में ट्रांसपोर्ट नगर में बना दिया डंपिंग जोन, लोग परेशान शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। पिछले कुछ समय से खाली जगह पर कूड़ा डाला जा रहा था। कूड़ा कौन डाल रहा है और कौन डलवा रहा है, ये भी साफ नहीं था। कूड़े के ढेर के आसपास पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। इसके अलावा तेज हवा चलने पर कूड़ा उड़कर दुकानों और सड़क तक पहुंच जाता है।
मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम मयूर दीक्षित ने बृहस्पतिवार को टीम मौके पर भेजी, जिसके बाद नगर निगम की टीम ने सफाई की और कूड़े को हटवा दिया। व्यापारी राव रोहिल, सजल, पंकज सैनी, हेमंत शर्मा ने बताया कि सफाई तो कर दी गई है, लेकिन अभी भी कुछ कूड़ा पड़ा हुआ है। पशुओं का जमावड़ा लग रहा है। कुछ लोग कूड़ा डाल रहे हैं। इस पर पूरी तरह से रोक लगनी चाहिए। वहीं डीएम मयूर दीक्षित का कहना है कि नगर निगम को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।