धनौरी मे प्रेस वार्ता करते एसपी देहात ।
- फोटो : HARIDWAR
गंगनहर में मिले युवती के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। गांव गढ़मीरपुर निवासी रेखा की हत्या उसके प्रेमी ने ही की थी। पुलिस का कहना है रेखा ने शादी करने के लिए दबाव बनाया तो आरोपी प्रेमी ने उसे धक्का देकर गंगनहर में गिरा दिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया।
रविवार को धनौरी पुलिस चौकी में खुलासा करते हुए एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि 6 अगस्त को गंगनहर से एक 20 वर्षीय अज्ञात युवती का शव बहकर आ रहा था। कलियर पुल के पास गंगनहर में नहा रहे लोगों ने शव को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। युवती की शिनाख्त रानीपुर थाना क्षेत्र के गांव गढ़मीरपुर निवासी रेखा पुत्री राजू के रूप में हुई। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि रेखा का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
रेखा के परिजनों ने पुलिस को शक के आधार नदीम पुत्र हनीफ निवासी राजपुर के खिलाफ शनिवार देर रात तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। पुलि ने नदीम को धनौरी तेलीवाला तिराहा के समीप से हिरासत में ले लिया।
एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में नदीम ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है। दोनों काफी समय से एक दूसरे को जानते थे और एक दूसरे से प्यार भी करते थे। युवती उस पर हर बार शादी करने का दबाव बनाती थी। वह उससे शादी नहीं करना चाहता था। बार बार मना करने पर भी वह नहीं मानती थी।
6 अगस्त को उसने घूमने के लिए धनौरी बुलाया और फिर वहां से कलियर आए। दोनों ने कलियर में एक गेस्ट हाउस में कमरा भी लिया। उसने रेखा को पैदल ही घर जाने के लिए कहा। बाद में दोनों घर जाने के लिए गंगनहर के पटरी पर पैदल ही धनौरी के लिए निकल पड़े। आरोपी ने बताया कि रेखा बार बार शादी करने की जिद कर रही थी। इससे वह परेशान हो गया। इस दौरान दोनों गंगनहर कि किनारे पर बैठ गए और बातें करने लगे। इसी दौरान उसने युवती को गंगनहर में धक्का दे दिया। वह पानी के तेज बहाव में बह गई। वह सीधे अपने घर चला गया। उन्होंने बताया कि आरोपी नदीम पुत्र हनीफ निवासी राजपुर क खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस टीम में एसओ जगमोहन रमोला, चौकी प्रभारी यशवंत खत्री, एचसीपी अहसान अली सैफी, सिपाही संजय पाल, सुरजीत सिंह, देवी प्रसाद उप्रेती, सोफिया अंसारी, संजीव कुमार आदि शामिल रहे।