रोशनाबाद क्षेत्र में ग्राम रावली महदूद के बांसोवाली स्थित सिडकुल की करीब 96 एकड़ भमि को अब जल्दी ही खाली कराया जाएागा। प्रशासन इसके लिए रणनीति बनाने में जुट गया है। इस भूमि पर किसानों का कब्जा है जो अपने स्वामित्व का दावा करते हैं। कई बार प्रयास करने के बाद भी प्रशासन जमीन खाली कराने में सफल नहीं रहा। अब जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ तथा सिडकुल के अधिकारी किसान संघर्ष समिति तथा ग्रामीणों के साथ बैठक कर सहमति बनाने का प्रयास करेंगे।
वर्ष 2005 में अस्तित्व में आए सिडकुल में जब फैक्ट्रियां लगने के दौरान किसान संघर्ष समिति के बैनर तले क्षेत्र के किसानों ने भेल के निर्माण के समय दी खाली जमीन लौटाने की मांग की थी। उनके परिजनों का कहना है कि जमीन भेल के निर्माण के लिए दी थी न कि प्राइवेट फैक्ट्रियों को बेचने के लिए। किसान संघर्ष समिति ने कई जगह निर्माण भी रुकवाया। इस समय रावली महदूद गांव के पास स्थित बांसोवाली इलाके में करीब 96 एकड़ भूमि पर किसानों का कब्जा है। अधिकारी इस जमीन पर सिडकुल के स्वामित्व का दावा करते हैं जबकि किसान अपना दावा जताते हैं। किसान यहां खेती कर रहे हैं । सिडकुल की ओर से किसानों का कब्जा हटाने के लिए कई बार प्रयास किए गए लेकिन हर बार किसानों के विरोध के कारण उन्हें लौटना पड़ा।
प्रशासन यहां सिडकुल का विस्तार करने के इरादे से अब इस भूमि को खाली कराने के लिए गंभीर दिख रहा है। सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक एचआर नौटियाल ने बताया कि इस बारे में 23 अगस्त को शाम चार बजे सिडकुल दफ्तर में सभी पक्षों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष और महामंत्री समेत कुछ अन्य प्रतिनिधियों के अलावा रावली महदूद के ग्राम प्रधान को बुलाया गया है। प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ तथा सिडकुल के महाप्रबंधक भी मौजूद रहेंगे। बैठक में जमीन खाली कराने पर सहमति बनाने के प्रयास किए जाएंगे। पुलिस और राजस्व विभाग की ओर से सीओ सदर तथा एसडीएम सदर को भी बैठक में बुलाया गया है।