- वन विभाग ने जांच पूरी होने के बाद जारी की शेष सात लाख रुपये की धनराशि
संवाद न्यूज एजेंसी
श्यामपुर। बाहर पीली गांव में पिछले सप्ताह जंगली हाथी के हमले में मारे गए किसान सोमपाल के परिवार को वन विभाग ने 10 लाख रुपये की पूरी मुआवजा राशि उपलब्ध करा दी है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद बुधवार को शेष सात लाख रुपये की धनराशि भी परिवार को सौंप दी गई।
बाहर पीली गांव में एक सप्ताह पहले जंगली हाथी ने किसान सोमपाल पर हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके तहत पीड़ित परिवार को शुरुआती राहत के रूप में तीन लाख रुपये की पहली किस्त दी गई थी।
श्यामपुर वन रेंज अधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद मुआवजे की शेष सात लाख रुपये की राशि भी परिवार को उपलब्ध करा दी गई है। इस तरह पीड़ित परिवार को कुल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वन विभाग क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। साथ ही ग्रामीणों से जंगल और आसपास के क्षेत्रों में आवाजाही के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की गई है।