- लालढांग के नया गांव का मामला, भागकर किसी तरह बचाई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
लालढांग। लालढांग क्षेत्र के नयागांव में हाथी की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत है। मंगलवार रात रामलीला देखने लालढांग जा रहे ग्रामीणों का सामना हाथी से हो गया। हाथी को अपनी ओर आता देख ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई।
नयागांव निवासी मिंटू मंगलवार रात करीब दस बजे पत्नी सुमन, बुधन देवी, छोटी देवी और गांव के बच्चों के साथ लालढांग रामलीला देखने जा रहे थे। गांव से निकलकर लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग पर पहुंचते ही हाथी ने उन्हें देखकर दौड़ लगा दी। ग्रामीणों ने भागकर खुद को सुरक्षित किया।
ग्रामीण संदीप रावत, सुनील रावत और अनिल नेगी ने बताया कि हाथी पिछले एक सप्ताह से खेतों में घुसकर धान और गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। जंगल से सटे गांवों में हाथी की लगातार आवाजाही से लोग परेशान हैं। चिड़ियापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी महेश शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। हाथी को आबादी में आने से रोकने के लिए वन विभाग की टीम गश्त करेगी।