चप्पल खरीदने दुकान गई महिला यात्री से दुकानदार ने चार रुपये को लेकर अभद्रता कर दी। महिला के देवर के साथ मारपीट की और 15 वर्षीय भतीजे का सिर फोड़ दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी व्यापारी नेता बताया जा रहा है।
नगर कोतवाल राकेंद्र कठैत के मुताबिक अशोक निवासी नवादा हाउंसिंग कांपलेक्स थाना नवादा उत्तरी नई दिल्ली ने शिकायत देकर बताया कि 12 जून को शाम को गंगा आरती के बाद वापस आ रहे थे। उनके साथ भाभी और एक किशोर था। रास्ते में सचिन नाम की चप्पलों की दुकान से चप्पल खरीदने चले गए। चप्पल खरीदने के बाद चार रुपये कम पड़ गए। आरोप है कि चार रुपये के लिए दुकानदार ने उसकी भाभी से अभद्रता कर दी। विरोध करने पर दुकान पर काम करने वाले और आसपास से लोग पहुंच गए। उन लोगों ने गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी।
दुकानदार ने 15 वर्षीय भतीजे निक्षित के सिर पर डंडा मार दिया। अशोक का आरोप है कि बीच बचाव करने का प्रयास दिया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। कोतवाल ने बताया कि आरोपी दुकानदार संजय त्रिवाल समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।