जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति ने उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियाें ने भूधंसाव से प्रभावित भवनों को पुनर्वास के बाद ध्वस्त करने की मांग उठाई है। शनिवार को आयोजित समिति की बैठक में संयोजक अतुल सती ने कहा कि प्रभावित परिवारों के आवास की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए उसके बाद ही भवनों कोे तोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से नगर के 55 भवनों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है जबकि पूर्व में ही सरकार को 11 सूत्री मांग पत्र भेजा गया था। इसमें प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भूमि के बदले भूमि देने, राजीव आवास और पीएम आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने, पुश्तैनी भवनों का उचित मूल्यांकन कर मुआवजा देने की मांग की गई है। इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। चेतावनी दी गई यदि शीघ्र मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर मुकेश कुमार, दीपक, गीता परमार, ललिता, सचिन, ऋतिक, केएन डिमरी, दीपचंद्र कन्याल और प्रकाश आदि मौजूद रहे।