हरिद्वार। पांच दिन से लापता युवक का शव ज्वालापुर क्षेत्र में गंगनहर में मिला है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक इंटरव्यू देने के लिए हरिद्वार आया था और फिर लापता हो गया था।
पुलिस के अनुसार, यश ओझा (25) निवासी कौशांबी उत्तर प्रदेश बीते नौ अप्रैल को एक निजी कंपनी में इंटरव्यू देने हरिद्वार आया था जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था। परिजनों ने पुलिस से संपर्क साधा था। युवक को आखिरी बार नगर कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में देखा गया था। इसके बाद वह कहां गया यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मंगलवार को ज्वालापुर क्षेत्र स्थित रेगुलेटर पुल के पास गंगा में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। बाद में परिजनों को सूचना दी गई जिन्होंने हरिद्वार पहुंचकर शव की शिनाख्त की। शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह स्पष्ट नहीं है कि युवक गंगा में नहाते समय हादसे का शिकार हुआ या उसने स्वयं छलांग लगाई। मामले की जांच की जा रही है।