हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में गंगा किनारे झाड़ियों में एक किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। किशोर के सिर भारी वस्तु से हमला कर कुचला हुआ है। आशंका है कि पत्थर से सिर पर वार कर हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को मोर्चरी में भिजवाते हुए मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि श्रीयंत्र मंदिर घाट के सामने झाड़ियों में शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, कनखल एसएसआई सतेंद्र भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को बाहर निकलवाया गया। आसपास के लोगों को बुलाकर पहचान के प्रयास किए गए। कुछ दूर बाद परिजनों ने पहुंचकर मृतक की पहचान कुणाल (15) निवासी लाटोवाली कनखल के रूप में की। परिवार मूल रूप से लक्सर का रहने वाला है जबकि यहां किराये पर रह रहा था।
परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी कि कुणाल कढ़ी-चावल की दुकान पर काम करता था। शुक्रवार शाम करीब छह बजे वह घर से निकल गया था, लेकिन फिर इसके बाद वापस नहीं आया। वहीं, आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से सिर में वार कर हत्या की गई है। नगर पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरें चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।