दिशा की बैठक में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिए अधिकारियों को निर्देश
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ने की प्रगति की समीक्षा
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बृहस्पतिवार को हुई। सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कुंभ मेला नियंत्रण भवन सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
सांसद ने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त न करने की बात कही। उन्होंने पात्र लाभार्थियों का चिह्नीकरण पूरी पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए। योजनाओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। वृद्धावस्था और विधवा पेंशन योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।
अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाएं केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा हुई। बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, महापौर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक अनुपमा रावत और विधायक वीरेंद्र कुमार जाति उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा और कुंभ मेले की तैयारी को लेकर समय सीमा निर्धारित
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने दिसंबर के अंत तक सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य पूरे करने को कहा। सांसद ने कहा कि जनवरी से कुंभ मेला शुरू होगा। श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों के सुगम आवागमन के लिए सड़क मार्गों को सुव्यवस्थित करना आवश्यक है। उन्होंने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और परिवहन विभाग के प्रयासों की सराहना की।