बहादराबाद। थाना क्षेत्र में तमंचा दिखाकर गाड़ी में बैठाकर मारपीट करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करने के मामले की पैरवी करने पर हत्या की धमकी देने के आरोप में विधानसभा का चुनाव लड़ चुके भाजपा नेता सहित सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कुछ माह पहले किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पिछले 15 दिनों से उसे अलग-अलग नंबरों से फोन कर मुकदमे में फैसला कराने के लिए दबाव बनाते हुए एक व्यक्ति काे हत्या की धमकी दी जा रही है। आरोप लगाया कि बुधवार की रात भाजपा नेता जय भगवान सैनी ने गांव में फैसला कराने का दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि बुधवार रात वह घर जा रहा था। तभी दुष्कर्म-हत्या में आरोपी बनाए गए आदित्य राज सैनी के अलावा सौरभ सैनी, शिवकुमार, अनुत राठौर, रवि रोड, संजय ने रास्ते में उसके वाहन के आगे गाड़ी लगा दी। कनपटी पर तमंचा सटाकर पैरवी न करने की धमकी दी। इस घटना का पता चलते ही जब गांव के लोग पहुंचे तो आरोपी अपना वाहन छोड़कर भाग निकले। थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ ने बताया कि सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।