सिडकुल। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने 13 सूत्रीय मांग पत्र जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा। कहा कि हरिद्वार के जूनियर हाईस्कूल और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पदों पर पदोन्नति और समग्र शिक्षा के तहत शिक्षकों का चयन-प्रोन्नत वेतनमान के बिल समेत कई प्रकरण विभाग की फाइलों में धूल फांक रहे हैं। मॉडल विद्यालयों में रिक्त पदों पर परीक्षा आयोजित कराकर शिक्षकों की नियुक्ति समेत नहीं की गई है। चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ का आरोप है कि शिक्षकों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रकरण कई माह से विभाग की फाइलों में दबे हुए हैं। सेवानिवृत्त शिक्षकों की पेंशन, देयकों, अवशेषों आदि पर कई बार बेजह आपत्तियां लगाई जा रही हैं। संघ के जिलाध्यक्ष पवन सैनी का कहना है कि विभाग को अलग-अलग शिक्षकों के साथ ही विद्यालयों की जटिल समस्याओं को लेकर कई बार मुख्य और जिला शिक्षा वार्ता कर चुके हैं लेकिन, कोई कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी है।
जिलाध्यक्ष का कहना है कि शिक्षकों के चयन-प्रोन्नत वेतनमान के प्रकरण विभाग में काफी समय से लंबित है। जिससे शिक्षकों को वेतन में प्रति माह करीब तीन हजार रुपये तक कम भुगतान हो रहा है।
वहीं, समग्र शिक्षा के तहत कार्यरत शिक्षकों के चयन-प्रोन्नत वेतनमान के अवशेष बिलों के भुगतान को लेकर पांच से ज्यादा बार लिखित और मौखिक रूप से मिल चुके हैं।