हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में नोएडा की कंपनी की टीम ने खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस के साथ मिलकर एक थोक सामान की दुकान पर छापा मारा। जहां से नकली देशी घी के चार टीन बरामद किए गए। कंपनी ने कॉपी राइट सहित संबंधित धाराओं में दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, क्रिमी फूड व वीआरएस फूड लिमिटेड नोएडा के विपणन अधिकारी जितेंद्र सिंह, लीगल एडवाइजर नीरज पाल को ज्वालापुर क्षेत्र में उनकी कंपनियों का नकली देशी घी बनाकर बेचने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने एसएसपी को शिकायत दी। बृ़हस्पतिवार की शाम जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी और पुलिस टीम के साथ घास मंडी के पास जसवंत एंड संस की दुकान पर नीरज पाल को भेजा गया। जहां पहले उसने एक मधुसूधन देशी घी का टीन खरीदा। दुकानदार ने 8200 रुपये उससे लिए। बिल मांगने पर देने से मना कर दिया।
तभी टीम मौके पर पहुंच गई। मधुसूदन देशी घी का टीन को चेक किया तो असली मधुसूधन देशी घी की पैकिंग, गत्ता, बैच, नाम सब नकली निकला। कॉपी कर असली घी के तौर पर सस्ते दामों में नकली घी बेचा जा रहा था। गोदाम से नकली घी के चार टीन बरामद हुए। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपी दुकानदार जसवंत व गौरव निवासी आर्यनगर ज्वालापुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज दर्ज कर लिया गया है।