हरिद्वार। राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन की जिला इकाई को दोबारा नवनिर्वाचित करने पर सिंहद्वार स्थित होटल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षकों के हितों और समस्याओं का समाधान एवं विद्यालयों में घटती छात्र संख्या को बढ़ाने पर बल दिया गया।
एसोसिएशन के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि एसोसिएशन शिक्षकों की आवाज उठाने के लिए बनाई गई है, लेकिन प्राथमिकता विद्यालय में छात्र-छात्राओं को निजी स्कूलों से बेहतर शिक्षा प्रदान करना है। इसके लिए सभी शिक्षकों को एक होकर दिन प्रतिदिन घटती छात्र संख्या को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि हाल ही में एसोसिएशन ने बोर्ड परीक्षा में उत्कर्ष प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया था।
जिला महामंत्री दर्शन सिंह पंवार ने कहा कि अपने विद्यालय के बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करना प्रत्येक शिक्षक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक अपने विद्यालय पर ध्यान दें। विद्यालयों से बच्चों के ड्रॉपआउट होने पर शिक्षकों पर आरोप-प्रत्यारोप लगते हैं। इसको सुधारना होगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में छात्र शिक्षक अनुपात के अनुरोध शिक्षकों की नियुक्ति भी लगभग हो चुकी है।
जिला उपाध्यक्ष डॉ. शिवा अग्रवाल ने पीएम पोषण योजनाओं में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा कर समाधान तलाश में सुझाव मांगा। उन्होंने कहा कि आदर्श विद्यालय में शासनादेश के अनुसार शिक्षकों की नियुक्ति होनी बेहद बहुत जरूरी है। इस दौरान छात्र हित में शिक्षकों को उनके मूल दायित्व शैक्षणिक कार्य के अतिरिक्त कार्यों से मुक्त रखने पर भी चर्चा-विमर्श किया गया।
इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल भट्टाचार्य, जिला संयुक्त मंत्री अमर क्रांति, जिला संगठन मंत्री रवि गोस्वामी, जिला उप मंत्री शरद भारद्वाज, लेखा निरीक्षक अमित कुमार, सोमपाल पंवार, अजय चौहान, सरदार कुलदीप सिंह, घनश्याम, अमरीश चौहान, चंद्रकांत बिष्ट आदि मौजूद रहे।