हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में हाईवे पर रुड़की की तरफ से आ रही एक स्कॉर्पियो कार तिरछे पुल पर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ती हुई गंगा में जा गिरी। राहगीरों ने गंगा में छलांग लगाकर कार में सवार मेरठ के चार युवकों को बचाकर बाहर निकलवाया। चारों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने एंबुरैंस से उन्हें जिला अस्पताल में भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने चारों को परिजनों के सुपुर्द किया। रात में ही वह गाड़ी को गंगा से बाहर निकलवाने के बाद वापस लौट गए।
घटना शनिवार की रात करीब 12:30 बजे की है। एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार रुड़की की तरफ से आ रही थी। शंकराचार्य चौक से आगे तिरछे पुल पर पहुंचते ही अचानक कार अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए गंगा में जा गिरी। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत गंगा में छलांग लगाई और कार के अंदर फंसे चार युवकों केा बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एसडीएम अजयवीर सिंह, सीओ सिटी जूही मनराल, कनखल इंस्पेक्टर भावना कैंथोला, एसआई गगन मैठानी मौके पर पहुंचे। मामूली रूप से घायल चारों युवकों को जिला अस्पताल में भिजवाया।
इधर, जानकारी मिलने पर युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर पुलिस ने युवकों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। तब रात में ही उन्होंने क्रेन की व्यवस्था कराई और गाड़ी को बाहर निकलवाया और वापस चले गए। थाना प्रभारी भावना कैंथोला ने बताया कि कार में सवार युवक प्रवीन, गौरव चौहान, सुमित, वरुण बंसल निवासीगण मेरठ को मामूली चोटें आईं। सभी रात में ही गाड़ी लेकर चले गए।