शिक्षा विभाग की ओर से पिछले महीने निलंबित किए गए 13 में से चार शिक्षकों को बहाल कर दिया गया है। इन शिक्षकों ने अपने स्पष्टीकरण में चिकित्सा अवकाश पर होने की बात कही है। जबकि नौ शिक्षकों की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया है।
शिक्षा विभाग की ओर से पिछले महीने विद्यालयों का निरीक्षण किया था। 13 शिक्षक बिना छुट्टी लिए गैरहाजिर पाए गए थे। विभागीय टीम की ओर से इन शिक्षकों को निलंबित करते हुए खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय से अटैच कर दिया था। सभी शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए थे।
मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय में पटल सहायक संदीप कुमार ने बताया कि इनमें से चार शिक्षकों ने अपने जवाब में बताया है कि वह चिकित्सा अवकाश पर थे और उन्होंने अपने प्रधानाचार्य को फोन कर इसकी सूचना भी दे दी थी। शिक्षकों के जवाब से संतुष्ट विभाग ने चारों को बहाल कर दिया है। वहीं नौ शिक्षक अब तक निलंबित चल रहे हैं। इन्होंने अभी तक अपना पक्ष भी विभाग के सामने नहीं रखा है।