फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दागी शिक्षकों ने छोड़ा जिला

Thu, 17 Nov 2016 11:09 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो हरिद्वार
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
फर्जीवाड़ा में पकड़े जाने के बाद कार्रवाई की जद में आए कई दागी शिक्षक जिले से ही गायब हो गए हैं। उनके करीबी सूत्र बताते हैं कि दागी शिक्षकों ने अब प्रदेश के अन्य जिलों और यूपी में पनाह ले ली है। वहीं रिकवरी से बचने के लिए भी तमाम जुगत लगाई जा रही है। निलंबित चल रहे कुछ शिक्षक कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में भी हैं।

जनपद में बहादराबाद, खानपुर और लक्सर ब्लाक के प्राथमिक शिक्षकों का फर्जीवाड़ा पकड़ में आने से कुल 35 शिक्षक कार्रवाई की जद में हैं। इनमें 12 शिक्षकों को बर्खास्त किया जा चुका है। पुलिस में मुकदमा और वेतन भत्तों की रिकवरी की कार्यवाही कछुआ चाल से जारी है। इसी बीच खबर है कि मामला लगातार तूल पकड़ने पर कई दागी शिक्षकों ने जिला ही छोड़ दिया है। मामले का खुलासा होने के बाद से ऐसे तमाम शिक्षक भूमिगत चल रहे थे। सूत्र बताते हैं कि वेतन भत्तों की रिकवरी और पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए कई दागी शिक्षक यूपी के पड़ोसी जिलों में शरण ले रहे हैं। जबकि जिले में मौजूद कई बर्खास्त व निलंबित शिक्षक कार्रवाई से बचने की जुगत ढूंढने में लगे हैं। कई शिक्षक इकट्ठे होकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की योजना भी बना रहे हैं। उधर, निदेशक प्राइमरी शिक्षा सीमा जौनसारी ने बताया कि बर्खास्त शिक्षक कहीं भी जाए, उनसे रिकवरी हर हाल में कराई जाएगी। निलंबित शिक्षकों पर भी अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


कई साल से दुधारू गाय थे गुरु घंटाल
शिक्षकों के फर्जीवाड़े का मामला उजागर तो अब हुआ है, लेकिन सूत्र बताते हैं कि विभाग के कई तत्कालीन अधिकारियों से लेकर शिक्षक नेता इससे भली भांति वाकिफ थे। इतना ही नहीं सूत्र तो यहां तक दावा करते हैं कि दागी शिक्षक उनके लिए दुधारू गाय बने हुए थे। मगर अब पूरा मामला खुलकर सामने आने से दागियों के साथ ही उनके करीबियों को भी धक्का लगा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें