हरिद्वार। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित अंडर-16 बालक-बालिका जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता शनिवार को पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हो गई। एकल वर्ग के लिए बालकों में शिवांश बजाज तथा बालिका वर्ग में विदुशी चैंपियन बने।
शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में एकल वर्ग में शिवांश बजाज प्रथम, आदित्य यादव द्वितीय तथा संजीव और अभिनव यादव तीसरे स्थान पर रहे। बालिका एकल वर्ग में विदुशी ने पहला, गौरिका ने दूसरा तथा दिव्यांशी त्यागी और रूद्रिका तालियान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बालकों के युगल वर्ग में शिवांश बजाज और दीपांश मिश्रा ने पहला, आदित्य यादव और हर्शित ध्यानी ने दूसरा तथा अभिनव यादव और आदित्य ध्यानी ने तीसरा स्थान पाया। बालिका युगल वर्ग में विदुशी धमेजा और रूद्रिका तालियान पहले, दिव्यांशी त्यागी और मेघल राजपूत दूसरे तथा ऐश खान तथा अलविना खान ने तीसरा स्थान पाया।
रोशनाबाद स्थित स्टेडियम में मुख्य अतिथि जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर एके चौधरी ने बच्चों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को कारगिल युद्ध के बारे में जानकारी दी। कहा कि खेल में अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण होता है। अगर अनुशासन ही नहीं रहेगा तो खिलाड़ी कभी आगे नहीं बढ़ सकता।
प्रतियोगिता में रिशिता अरोड़ा, उत्कर्ष रावत, लक्ष्य, शिवम आदि ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील डोभाल, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एसएस सहदेव, वरिष्ठ पत्रकार दीपक मिश्रा, विक्रम सिंह व सनवर सिंह आदि मौजूद रहे।