- रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीक पर आधारित मॉडल बने मुख्य आकर्षण
- एमसीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लगाई गई प्रदर्शनी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। एमसीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रोबोटिक्स एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर मॉडल तैयार कर किताबी ज्ञान को प्रयोगों के जरिये व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीक पर आधारित मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।
शनिवार को प्रदर्शनी का शुभारंभ संस्था के सचिव डॉ. अशोक शास्त्री, प्रबंधक डॉ. वीणा शास्त्री, निदेशिका डॉ. विशाखा कुमार और प्रधानाचार्य नीलम बख्शी ने किया। डॉ. अशोक शास्त्री ने कहा कि विज्ञान और तकनीक की शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनमें सवाल करने, तर्क करने और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करना है। रोबोटिक्स और एआई वर्तमान समय की महत्वपूर्ण तकनीक हैं।
प्रबंधक डॉ. वीणा शास्त्री ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आधुनिक तकनीक को समझने का अवसर मिलता है। निदेशिका डॉ. विशाखा कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित करना जरूरी है।
प्रधानाचार्य नीलम बख्शी ने कहा कि प्रदर्शनी विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और सीखने की जिज्ञासा का परिणाम है। मॉडल तैयार करने में मनीषा आहूजा, शिल्पा मोघा, राहुल कश्यप, दिव्या कश्यप, राखी राणा और लक्ष्मी चौहान समेत अन्य शिक्षकों का सहयोग रहा। इस दौरान ऋतु सिंह, चरनजीत कौर, शिवानी गौर, शिवानी जोशी, रुचि गुप्ता, अरुण कुमार, डॉ. आरती सैनी, डिंपल शर्मा, सीमा रानी आदि मौजूद रहे।