छात्र-छात्राओं ने दी परीक्षा, विवि ने घोषित कर दिए गैर हाजिर, तालाबंदी की चेतावनी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। जिन छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, विवि ने उन्हें गैर हाजिर घोषित कर फेल कर दिया। गुस्साए छात्र-छात्राओं ने भविष्य अधर में लटकने पर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि जल्द सुधार नहीं होने पर कॉलेज की तालाबंदी की जाएगी।
मामला श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय (टिहरी गढ़वाल) का है। दरअसल, विश्वविद्यालय (विवि) से संबद्ध राजकीय महाविद्यालय भूपतवाला के छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम में गंभीर त्रुटि हुई है। बीए और बीएससी छठे सेमेस्टर के राजनीति विज्ञान विषय की परीक्षा देने वाले सभी छात्र-छात्राओं को अनुपस्थित दिखाकर अनुत्तीर्ण कर दिया गया है।
प्रदर्शन करने वाले छात्रों का कहना है कि उन्होंने महाविद्यालय में उपस्थित रहकर परीक्षा दी थी लेकिन विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग की लापरवाही से फेल कर दिया गया। इससे छात्र-छात्राएं अत्यधिक मानसिक तनाव में हैं, क्योंकि परीक्षा परिणाम नहीं मिलने पर वह उच्च शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं।
छात्र मनोज निषाद ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से गंभीर गलती किए जाना बेहद निंदनीय है। कहा कि छात्र-छात्राएं परीक्षा परिणाम सुधार की मांग के लिए कॉलेज के चक्कर काट रहे हैं, मगर समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। कहा कि यदि परीक्षा परिणाम पांच दिन में सही नहीं किया गया तो कॉलेज में तालाबंदी कर दी जाएगी।
इस मौके पर मुस्कान, पूजा, शालिनी मिश्रा, खुशी भार्गव, प्रिया अग्रवाल, भूमि, नेहा, गरिमा, अभिनव बंसल, अंजलि जोशी, मानसी श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
-
कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। इस संबंध में समस्त रिपोर्ट विवि प्रशासन को भेजी गई है, ताकि छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम को सही कराया जा सके। - संजीव मल्होत्रा, प्राचार्य