- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के अहबाबनगर की घटना, विवचेना शुरू
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की रात बच्चों के बीच हुए विवाद बढ़कर पथराव तक पहुंच गया। आरोप है कि पहले बेल्ट, लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया गया। इसके बाद पथराव किया गया। वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, शाहनवाज निवासी घोसियान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 जुलाई की रात करीब 10 बजे उनका बेटा अपने साथियों के साथ अहबाबनगर चौक पर सामान लेने गया था। आरोप है कि रास्ते में दानिश निवासी अहबाब नगर ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दानिश ने बेल्ट से बच्चों की पिटाई कर दी। जब वह शिकायत करने दानिश के घर पहुंचे तो दानिश, सुहेल, फरमान की पत्नी और दानिश की मां ने गाली-गलौज की और पथराव शुरू कर दिया।
आरोप है कि मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि बाद में फिर से फरमान, दानिश, सुहेल और कुछ अन्य लोगों ने सड़क पर फिर से ईंट-पत्थर बरसाए। हमले में दो-तीन नाबालिग बच्चों को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि सभी ने हाथों में लोहे की रॉड और डंडे लेकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को सुरक्षित निकाला। इसके बाद पथराव का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।