- हुड़दंगियों ने दी रामलीला बंद कराने की धमकी
महिलाओं समेत कई दर्शक घायल, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। बहादराबाद में 128वें श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव के दौरान शुक्रवार रात हंगामा हो गया। आरोप है कि पहले शोर-शराबा कर लौटे लोग कुछ देर बाद 25 से 30 अन्य लोगों के साथ पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए रामलीला बंद कराने की धमकी दी। इसके बाद मंच की ओर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से कलाकारों और दर्शकों में अफरातफरी मच गई। पत्थर लगने से महिलाओं समेत कई लोगों को चोटें आईं। घटना के चलते रामलीला मंचन भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। समिति की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कस्बे के शिव मंदिर में वर्षों से रामलीला का मंचन होता आ रहा है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे कुछ अज्ञात लोग आयोजन स्थल पर पहुंचे और शोर-शराबा करने लगे। समिति के सदस्यों ने उन्हें समझाकर वहां से भेज दिया।
आरोप है कि कुछ देर बाद वे 25 से 30 अन्य लोगों के साथ लौटे और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने रामलीला बंद कराने की धमकी देते हुए मंच की ओर पत्थर फेंके। उस समय मंच पर कलाकार अभिनय कर रहे थे और मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। पत्थरबाजी से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सभी भाग निकले। घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।