-चंडीगढ़ जीआरपी थाने से ट्रांसफर होकर आई जीरो एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। हरिद्वार से चंडीगढ़ जा रही ट्रेन में सवार होने के दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन झपट लेने के मामले में हरिद्वार जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज की है। चंडीगढ़ जीआरपी थाने से ट्रांसफर होकर आई जीरो एफआईआर दर्ज कर स्टेशन पर लगे कैमरे खंगालते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ के मनीमाजरा निवासी बिहित माजी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 28 सितंबर की रात अपनी पत्नी रिंका माजी के साथ ट्रेन संख्या 14631 हरिद्वार-चंडीगढ़ में सफर करने के लिए सवार हुए थे। ट्रेन रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हरिद्वार से रवाना होने वाली थी। इसी दौरान ट्रेन चलने से एक-दो मिनट पहले एक अज्ञात व्यक्ति उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन तोड़कर ट्रेन से उतर गया और फरार हो गया।
चेन का वजन करीब 6.5 ग्राम था। जैसे ही उन्हें पता चला तो तब तक ट्रेन चल चुकी थी। इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ स्टेशन पर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। हरिद्वार जीआरपी थाना प्रभारी बिपिन पाठक ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।