तीन सप्ताह तक प्रदेश के विभिन्न पौराणिक स्थलों मंदिरों और मठों की यात्रा के बाद छड़ी यात्रा मंगलवार की शाम वापस हरिद्वार पहुंची। चंडी देवी मंदिर के पास पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी और एसएसपी सैंथिल अबुुदई कृष्णराज समेत कई अधिकारी भी छड़ी यात्रा का स्वागत करने पहुंचे।
प्रदेश के पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के साथ-साथ सनातन धर्म को और अधिक मजबूती प्रदान करने के ध्येय से श्री पंचदश नाम जूना अखाड़ा की ओर से गत 12 अक्तूबर से प्रारंभ चारों धाम एवं गढ़वाल तथा कुमाऊं मंडल की पवित्र छड़ी यात्रा 22 दिन बाद मंगलवार को हरिद्वार पहुंच गयी है। जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय सभापति श्रीमहंत प्रेम गिरी, उपाध्यक्ष श्रीमहंत विद्यानंद सरस्वती, छड़ी महंत शिवदत्त गिरी, श्रीमहंत केदारपुरी, श्रीमहंत पुष्करराज गिरी, श्रीमहंत धीरज गिरी, श्रीमहंत शेैलेंद्र गिरी के नेतृत्व में पवित्र छड़ी यात्रा यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, लाखामंडल, कोटेश्वर महादेव, त्रिजूगीनारायण, उखीमठ, तृंगनाथ, पांडूकेश्वर, विष्णुप्रयाग, व्यास गुफा, नृसिंह मंदिर, जोशीमठ, बैजनाथ मंदिर, एडादेव, खड़केश्वर बागनाथ मंदिर बागेश्वर, गणानाथ आश्रम जागेश्वर, नैनादेवी मंदिर नैनीताल, पूर्णागिरी टनकपुर, नारायण आश्रम धारचूला, बिनसर महादेव दूनागिरी, कालीका मंदिर रानीखेत, बूढ़ाकेदार भूमि का थान माही, तारकेश्वर महादेव काशीपुर आदि के दर्शनों के बाद मंगलवार की शाम को हरिद्वार पहुंच गयी।
अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरी और छड़ी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत प्रेम गिरी महाराज ने बताया कि 25 दिन की इस पवित्र यात्रा को जहां राजकीय घोषित किया गया था, वहीं जहां-जहां पवित्र छड़ी पहुंची स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों के साथ पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी और एसएसपी सैंथिल अबुदई ने वापसी पर पवित्र छड़ी का पुष्पवर्षा माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। उन्होंने पवित्र छड़ी यात्रा में शामिल संतों का माल्यार्पण तथा शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जूना अखाड़ा के संरक्षक हरिगिरी, सभापति प्रेमगिरि महंत विद्यानंद सरस्वती श्री महंत केदार पुरी, श्री महंत महेश पुरी पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह, एसडीएम कुसुम चौहान, एसीओ अभय सिंह आदि मौजूद रहे।