उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के विद्युत विभाग ने स्टेशन और कार्यालयों की विद्युत से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए विद्युत शिकायत प्रबंधन सिस्टम शुरू कर दिया है। विद्युत संबंधी शिकायतों को ऑनलाइन या फिर टेलीफोन से दर्ज कराया जा सकता है।
सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा के मुताबिक विद्युत विभाग की ओर से ऑनलाइन लिंक दिया गया है। क्लिक करके शिकायतकर्ता गूगल फॉर्म द्वारा शिकायत का विवरण दर्ज करा सकते हैं। फॉर्म भरने पर शिकायत विद्युत कंट्रोल के पास पहुंच जाएगी। विद्युत कंट्रोल संबंधित डिपो के मोबाइल नंबर पर शिकायत भेज देगा। शिकायतकर्ता सीधे डिपो के मोबाइल नंबर पर भी शिकायत भेज सकता है। इसके लिए विद्युत विभाग द्वारा मंडल स्थित विभिन्न डिपो के मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं। सभी डिपो में रजिस्टर भी तैयार करवाए गए हैं। स्टाफ शिकायतों को अटेंड करने के बाद शिकायतकर्ता से लिखित में फीडबैक भी लेगा। अभी तक विद्युत से संबंधित शिकायतें मैनुअल रूप से दर्ज होती थी। इस प्रक्रिया में काफी समय लगता था। मैनपावर भी अधिक लगती थी। नई व्यवस्था में दोनों की बचत होगी।