हरिद्वार। हरिद्वार से रुड़की तक हर दिन लगने वाले जाम से परेशान लोगों का सब्र का बांध आखिर टूट गया। परेशान लोग मंगलौर के पूर्व विधायक काजी निजामुुउद्दीन के नेतृत्व में हरिद्वार पहुंचे और एसएसपी का घेराव करके अपना गुस्सा उतारा। पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जाम से छुटकारा दिलाने के लिए प्लान नहीं बनाया तो एसएसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
मंगलौर के पूर्व विधायक काजी निजामुउददीन ने जाम की समस्या को लेकर एसएसपी कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था। पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार पूर्व विधायक अपने समर्थकों के साथ बड़ी संख्या में मंगलौर से रवाना हुए। इधर घेराव के लिए काफिले के निकलने की जानकारी मिलने पर हरिद्वार पुलिस सक्रिय हो गई। पूर्व विधायक का काफिला जब सिडकुल बाईपास पहुंचा तब पहले से ही मौजूद सीओ सदर जेपी जुयाल ने एसएसपी के मौके पर ही आने की बात कही। जिस पर विधायक एवं उनके समर्थक वहीं रुक गए।
चंद मिनटों में एसएसपी राजीव स्वरुप मौके पर पहुंच गए। पूर्व विधायक ने पूरे जिले में लग रहे जाम से आमजन के त्रस्त होने पर एसएसपी के समक्ष नाराजगी जताई। कहा कि यदि कोई एक बार जाम का कड़वा अनुभव लेकर जाएगा फिर वो भविष्य में हरिद्वार आना ही नहीं चाहेगा। ऐसे में कांग्रेस सरकार ने पिछले दो वर्ष में चारधाम यात्रा को लेकर जो आमजन को प्रेरित किया वो सब धरा का धरा रह जाएगा। पूर्व विधायक ने कहा कि यातायात के लिए अलग से पुलिस फोर्स की डिमांड की जाए। यदि जरूरत पड़े तो पैरामिलिट्री फोर्स भी लगाई जाए। एसएसपी ने आश्वास्त किया कि, वे अतिरिक्त फोर्स की डिमांड करेंगे और जाम न लगने देने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। आश्वासन के बाद पूरा लोग लौट गए। घेराव करने वालों में नारसन ब्लॉक प्रमुख गगन कुमार, राजीव राठौर, विनीत आर्य, इस्लाम चौधरी, दीपक अरोड़ा, गय्यूर प्रधान, चौधरी गौरव, धर्मेद्र चौधरी, इश्क लाल सैनी, सुमन प्रधान समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
---------------------
सीएम से करूंगा बात
हरिद्वार। पूर्व विधायक काजी निजामुउद्दीन ने हिलबाईपास न खुलने पर भी सवाल उठाए हैं। बोले कि वे सीएम हरीश रावत से इस संबंध में वार्ता करेंगे। जाम से उत्तराखंड की ही खराब छवि देशभर में खराब हो रही है। ऐसे में श्रद्धालु पर्यटक भला यहां क्यों आना चाहेंगे। बोले कि यातायात की रफ्तार धीमी रहे वो ठीक है लेकिन यहां तो चार से पांच घंटे का जाम झेलना पड़ रहा है।
-----------
सफेद हाथी बना 32 करोड़ का फ्लाईओवर
हरिद्वार। हिलबाईपास मार्ग पर 32 करोड़ की लागत से फ्लाईओवर बना दिया। जब इस बात का पता सबकों था कि हिलबाईपास मार्ग पर राजाजी टाइगर रिजर्व का पेंच है। हिल बाईपास खुलना आसान नहीं। ये बात फ्लाईओवर बनाने से पहले क्यों नहीं सोची गई। अब ये फ्लाईओवर सफेद हाथी बना हुआ है और जाम से पूरा शहर हांफ रहा है।
-----------------
स्थानीय नेताओं की चुप्पी पर सवाल
हरिद्वार। धर्मनगरी में लगने वाले जाम से स्थानीय लोगों के यात्री परेशान हैं। लोगों का शहर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। इसके बाद भी सत्ताधारी और विपक्षी पार्टी के नेता चुप्पी साधे हैं। छोटे-छोटे मुद्दों पर राजनीति करने वाले सभी नेता शांत बैठे हैं। जबकि जाम इस समय सबसे बड़ी समस्या बना है।