हरिद्वार। छत्तीसगढ़ की महिला को बेचने के मामले की मुख्य आरोपी महिला, उसके पति, मध्यस्थ और दो खरीददार को ज्वालापुर पुलिस ने जेल भेज दिया। रातभर पुलिस अफसर मुख्य आरोपी महिला और उसके पति से पूछताछ में जुटी रही।
रविवार देर शाम हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर गांव बढेडी राजपूतान के पास एक महिला के शोर मचाने पर राहगीर एकत्र हो गए। महिला ने आरोप लगाया था कि उसे बेचा जा रहा है। राहगीरों की सूचना पर पहुंची बहादराबाद पुलिस सभी को अपने साथ ले आई थी। मामला ज्वालापुर क्षेत्र का होने के चलते फिर ज्वालापुर पुलिस हरकत में आई । पूछछात में पता चला कि छत्तीसगढ़ के गांव सरिया जिला रायगढ़ की रहने वाली महिला हीरा पत्नी निरंजन इलाज के लिए शांतिकुंज आई थी। पर, आईडी न होने के चलते उसे प्रवेश नहीं मिल पाया था और तब उसकी मुलाकात एक औरत से हुई थी। वो औरत उसे ईदगाह रोड पर रहने वाली महिला सांजा के घर ले गई। करीब पंद्रह बीस दिन से रह रही महिला का सांजा ने 25 हजार में सौदा कर दिया था और उसे खरीदने के ही दो व्यक्ति आए थे। कोतवाल धीरेंद्र सिंह रावत के अनुसार आरोपी महिला और उसके पति मांगा की मुलाकात खरीददार मुकेश व ब्रह्म निवासी सिमेरु, भनेडा देवबंद सहारनपुर से मध्यस्थता कर रहे रामदास ने कराई थी। 25 हजार में से उसे भी कुछ रकम मिलना तय हुई थी। पेशे से दिहाडी मजदूर आरोपी मुकेश ने पत्नी की मौत होने के चलते ही महिला को खरीदने की बात स्वीकारी है। सभी आरोपियों को जेल भेजा गया है। पूरे मामले की जांच अब मानव तस्करी निरोधक दस्ता करेगा।