- गुरुकुल कांगड़ी में विशेष व्याख्यान, ओलंपिक तैयारियों व खेल नीति पर चर्चा
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा व खेल विभाग में आयोजित विशेष व्याख्यान में विशेषज्ञों ने शारीरिक शिक्षा को खेलों की बुनियाद बताया। दयानंद स्टेडियम परिसर स्थित मेजर ध्यानचंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एवं लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, फगवाड़ा के प्रोफेसर इन प्रैक्टिस डॉ. पीयूष जैन ने प्रशिक्षुओं को संबोधित किया। डॉ. जैन ने कहा कि शारीरिक शिक्षा के बिना खेलों की कल्पना अधूरी है। उन्होंने आगामी दशक में भारत में संभावित ओलंपिक आयोजन की तैयारियों, नीति और प्रशिक्षण प्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेल और शारीरिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से कई ठोस कदम उठाए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर मिल रहे हैं।
विभागाध्यक्ष डॉ. अजय मलिक ने मुख्य वक्ता का परिचय कराते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवकुमार चौहान ने किया। इस दौरान आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. कपिल मिश्रा, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. प्रणवीर सिंह, मीडिया सेल अध्यक्ष डॉ. अजीत तोमर, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवकुमार, कुलभूषण शर्मा, अश्वनी कुमार, कुलदीप रतूड़ी, सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।